देवास में जांगड़ा समाज की एकजुटता का प्रदर्शन, शिक्षा और नशामुक्ति पर दिया जोर,,,,,,,
भारत सागर न्यूज/देवास। मप्र जांगड़ा महासभा के तत्वावधान में जिले की प्रतिभाओं के सम्मान एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सामाजिक संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश सचिव शिवचरण अंगोरिया, जिलाध्यक्ष नंदलाल हरियाले, तहसील अध्यक्ष महेंद्र खेलवाल सहित जिले के सभी पदाधिकारियों ने किया।
समारोह का शुभारंभ म.प्र. अजाक्स प्रांताध्यक्ष एवं गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव (IAS) जेएन कंसोटिया, मप्र जांगड़ा महासभा भोपाल प्रांताध्यक्ष राजेश कुमार बांधेवाल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटरिया द्वारा गौतम बुद्ध, डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं सावित्रीबाई फुले के चित्रों पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष हरिप्रसाद मालवीय, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष सुनीता धावरे, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष दीपक पेठारी, प्रदेश सचिव रमेशचंद बकोरिया, संभाग अध्यक्ष जीआर मालवीय, उपाध्यक्ष रामचंद्र मालवीय, जिला पंचायत सदस्य तरुणा अस्ताया सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने बहुजन समाज के महापुरुषों के सामाजिक योगदान, शिक्षा, नशा मुक्ति, सामाजिक समरसता और व्यापारिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिया गया। राजू भारतीय बैरसिया भोपाल द्वारा महापुरुषों पर आधारित गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई।
इस मौके पर वर्ष 2024–25 की वार्षिक परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं, उच्च शिक्षा, खेल एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को पंचशील दुपट्टा, प्रशंसा पत्र और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए और सदस्यता अभियान को गति देने पर चर्चा की गई। मंच संचालन प्रेमलाल बामनिया एवं प्रेमलता बामनिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रदेश एवं जिलेभर से महिला-पुरुष पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समाजजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें - शिक्षा विभाग का दफ्तर खुद बना खतरा, जर्जर भवन में टपकती छतों के नीचे चल रही व्यवस्था ....!
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की जानकारी प्रदेश सचिव शिवचरण अंगोरिया द्वारा दी गई।
Comments
Post a Comment